बिजनौर। टीबी रोगियों को इलाज के प्रति जागरूक करने के लिए केंद्र सरकार की घोषणा पर अमल शुरू हो गया है। अब टीबी मरीजों के बैंक खाते व आधार नंबर स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल से लिंक होंगे। इनके खातों में 500 रुपये की धनराशि जल्दी ही आने की संभावना है। विभाग ने शासन के आदेश मिलने के बाद इस पर काम करना शुरू कर दिया है।
टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। टीबी मरीजों को चिह्नित करके उनकी विशेष देखभाल की जिम्मेदारी आशा, एएनएम व आंगनबाड़ी कार्यकत्री को दी जाती है। इसके अलावा दस प्रतिशत आबादी को कवर करते हुए हर साल दो से ज्यादा बार सर्वे कर नए मरीजों को चिह्नित किया जाता है। टीबी मरीजों के लिए केंद्र सरकार ने एक फरवरी को अपने बजट में 500 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की थी। जिले में करीब 1400 टीबी रोगी है। टीबी रोगियों के लिए हर महीने 500 रुपये देने की घोषणा का मकसद रोगियों को उपचार के लिए जागरूक करना है। जब तक वे रोग की चपेट में रहेंगे, उन्हें पैसे मिलते रहेंगे। वे बीच में अपना इलाज कराना नहीं छोड़ेंगे। आमतौर पर मरीजों के बीच में उपचार छोड़ देने से टीबी के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। मरीजों के खाते में यह राशि भेजने के लिए उनके आधार कार्ड व बैंक खाता विभाग के पोर्टल से लिंक किया जाएगा। आधार नंबर भी लिंक होने से किसी तरह की डुप्लीकेसी भी नहीं हो पाएगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी बीएस रावत के अनुसार टीबी मरीजों के खाते व आधार नंबर लिंक करने का शासनादेश मिल गया है। इस पर काम शुरू किया जा रहा है।