शहर में 25 बडे़ बकाएदार चिह्नित
बिजनौर। विद्युत निगम ने बडे़ बकाएदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिजनौर शहर में 50 हजार से दो लाख तक के 25 बकाएदार चिह्नित किए गए हैं। इन बकाएदारों के कनेक्शन काटने के लिए टीम बनाई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 300 कनेक्शन काटे गए हैं।
अधिशासी अभियंता खिताब सिंह के अनुसार शासन के निर्देश पर बिजनौर शहर के बडे़ बकाएदारों को चिह्नित कर लिया गया है। शहर में 25 ऐसे बकाएदार हैं जिन पर निगम का करीब 53 हजार से लेकर ढाई लाख तक के देय बकाया हैं। इन बकाएदारों ने बार बार सूचित करने पर भी पैसा जमा नहीं किया है। शहर के 25 बडे़ बकाएदारों पर करीब 25 लाख की धनराशि बकाया है। बडे़ बकाएदारों के कनेक्शन काटने का काम शुरू हो गया है। वह स्वयं अभियान पर नजर रखे हुए हैं। कनेक्शन काटने के लिए मोहल्लेवार टीम बना दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बकाएदारों के खिलाफ अभियान चल रहा है। गांवों में करीब 300 कनेक्शन काटे गए हैं। बिजनौर प्रथम एक्सईएन के कार्यक्षेत्र में झालू, गंज, कंभौर, चौकपुरी, नांगलजट बिजलीघर आते हैं। टीम के साथ बदसलूकी करने वालों या कनेक्शन काटने का विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई होगी।