फिलीपींस की टीम ने जिले में गन्ना उत्पादन को देखा
बिजनौर। फिलीपींस से आई चीनी विशेषज्ञों की टीम ने चार गांव में जाकर गन्ने के उत्पादन को देखा है। विदेशी मेहमानों ने किसानों से ट्रैंच विधि व गन्ना प्रजातियों की जानकारी ली है।
डीसीओ ओपी सिंह के अनुसार फिलीपींस से शुगर मिल एसोसिएशन के प्रतिनिधि आरचिल अमेरा टीम के साथ बिजनौर पहुंचे हैं। टीम ने सीकरी, बालापुर, आलमपुर गांवड़ी व रामगंगा फार्म जाकर गन्ने को देखा। ट्रैंच विधि से गन्ने की पैदावार देखकर वे हतप्रभ थे। गन्ने के एक मेढ़े में 25-30 गन्ने का देखकर टीम प्रभावित हुई। टीम लीडर का कहना था कि वह अपने देश में जाकर भारत की गन्ना खेती की जानकारी देंगे। यहां बीज अपने देश में मगाएंगे। गन्ने की रिकवरी 12 प्रतिशत को पार करने पर उन्होंने जमकर तारीफ की है। डीसीओ के मुताबिक सभी शुगर मिल में कंट्रोल रूम बना दिए गए हैं। किसान गन्ने की समस्याओं समेत बीज मिलने , उनकी बुवाई का समय, खाद आदि की जानकारी ले सकेगा।