झंडा जुलूस आयोजन पर नहीं बनी सहमति
भागूवाला/मंडावली (बिजनौर)। संत रविदास जयंती पर गांव श्यामीवाला में झंडा जुलूस को लेकर प्रशासन के साथ द्विपक्षीय वार्ता में मंगलवार को भी कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका। गांव में पीएसी एवं पुलिस बल तैनात कर दिया गया। स्वयं एसपी ने गांव श्यामीवाला में राउंड लेकर स्थिति देखी।
मंगलवार का दिन प्रशासन, दलित और मुस्लिम पक्ष के लिए खासा माथापच्ची वाला रहा। दरअसल गांव श्यामीवाला में रविदास जयंती झंडा जुलूस आयोजन पर आम सहमति बनाने के लिए एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह और सीओ बृजराज सिंह ने मुस्लिम और दलित पक्ष की संयुक्त बैठक बुलाई थी। बैठक में शामिल मुस्लिम पक्ष के लोग नजर हसन, मास्टर मजीद, नईम, जीशान, अफसर, इस्माइल का कहना था कि श्यामीवाला में झंडा जुलूस आयोजन के विरोधी नहीं हैं, मगर जुलूस गांव से बाहर मुजाहिदा पट्टी में नहीं निकलने देंगे।
उधर, दलित पक्ष के लोगों संजीव, परवीन, टीकम, रविंद्र, गरीबा, कोमल, मनीराम, रॉबिन आदि का कहना था कि संत रविदास झंडा जुलूस मुजाहिदा पट्टी से होकर गुजरता रहा है। सपा की प्रदेश में सरकार बनने के बाद मुस्लिमों द्वारा आपत्ति जताने पर जुलूस को रोका गया था। दलितों का कहना था कि जुलूस या तो मुजाहिदा पट्टी से ही निकलेगा, अगर नहीं, तो प्रशासन नए रूट की लिखित अनुमति प्रदान करे। एसडीएम ने मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के चलते जुलूस मुजाहिदा पट्टी न निकलने देने की स्थिति स्पष्ट करते हुए सांप्रदायिक सौहार्द के लिए काम करने की दोनों पक्षों को सलाह दी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा।
उधर, गांव श्यामीवाला में जयराम, पप्पू, बख्शी, कोमल, परवीन सहित दलित पक्ष के दर्जनों लोग रविदास धर्मशाला पर इस उम्मीद के साथ बैठे रहे कि शायद प्रशासनिक अधिकारी आएंगे और उनकी व्यथा को सुनेंगे। मगर प्रशासनिक अधिकारियों के न आने पर उनमें रोष रहा।