बिजनौर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए केंद्र निर्धारण कराने को कॉलेजों की दूरी शासन को भेजी जा रही है। पांच, आठ और 12 किलोमीटर की दूरी वाले कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को बोर्ड की वेबसाइट पर इसकी सूचना दर्ज कराने के निर्देश डीआईओएस राजेश कुमार ने दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने वर्ष 2018 में प्रस्तावित यूपी बोर्ड की हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। डीआईओएस राजेश कुमार ने बताया कि केंद्र निर्धारण के लिए कॉलेजों की संपर्क मार्ग से दूरी को बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज कराया जा रहा है। इसके लिए जिले के सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि संपर्क मार्गों से पांच, आठ और 12 किलोमीटर की दूरी वाले कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को विद्यालय के कोड, नाम, एप लोड कर एप को क्रियाशील करने को कहा गया है। इससे विद्यालयों की लोकेशन सही दर्ज हो सके। उन्होंने बताया कि यदि किसी विद्यालय की दूरी किसी कारणवश गलत दर्ज हो गई है तो वह 25 सितंबर की शाम पांच बजे तक डीआईओएस कार्यालय को उपलब्ध करा सकते हैं। इसके उपरांत कोई सुझाव और आपत्ति दर्ज नहीं की जाएगी।