मजदूर परिवार के लाल ने दिल्ली में जीती मैराथन
धामपुर (बिजनौर)।
हौंसलों में दम हो तो बड़ी से बड़ी मंजिल आसानी से हासिल की जा सकती है। ढक्का कर्मचंद के मजदूर परिवार के एक लाल ने दिल्ली में हुई जूनियर वर्ग मैराथन में अपना झंडा गाड़कर इसे साबित कर दिया है। उसने छह हजार बालकों को पछाड़कर मैराथन दौड़ में पहला स्थान हासिल किया है। उसकी इस जीत से परिवार व गांव में खुशी है।
गांव ढक्का कर्मचंद निवासी ललित प्रजापति के पिता की उस समय मौत हो गई थी, जब वह चार साल का था। परिवार की जिम्मेदारी बड़े भाई पर आ गई। वह मजदूरी कर परिवार का पोषण करता है। बड़े भाई की प्रेरणा से ललित दौड़ में लक्ष्य तलाश रहा है। अपने रविवार को दिल्ली में पांच किमी लंबी स्वास्थ्य हाफ मैराथन में हिस्सा लिया। इसमें सात राज्यों के करीब छह हजारों बालकों ने हिस्सा लिया था। उसने हौसले और हुनर का परिचय देते हुए मथुरा के देवा चौधरी को हराकर मैराथन दौड़ में पहला स्थान पाया। ललित ने बताया कि अब उसका लक्ष्य राष्ट्रीय एथेलेटिक्स खेल में भाग लेने का है। वह खेलों की दुनिया नाम रोशन करना चाहता है। उसके कोच नगीना निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक भूपेंद्र कुमार हैं।