सड़क हादसों में बालक समेत दो की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
राजा का ताजपुर (बिजनौर।
बिजनौर में चक्कर चौराहे पर ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार जीजा की मौत हो गई, जबकि साला गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को जिला अस्पताल से मेरठ रेफर किया गया। उधर, राजा का ताजपुर निवासी एक 12 वर्षीय बालक की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
कोतवाली शहर के गांव मोमिनपुर दर्गो निवासी संजय (25) रविवार की रात नगीना के गांव झिलमिला निवासी अपने साले मूला (45) के साथ बाइक से बिजनौर से लौट रहा था। बिजनौर में नगीना रोड स्थित चक्कर चौराहे के निकट उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में संजय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साला मूला गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने मूला को जिला अस्पताल भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसको मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने चालक को ट्रक समेत गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों के अनुसार संजय मजदूरी करता था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भी है।
उधर, राजा का ताजपुर निवासी जोन मसी, सेंट मेरी स्कूल ज्वालापुर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वह अपने पुत्र मनी (12) के साथ सोमवार की सुबह बाइक से ज्वालपुर जा रहा था। चिड़ियापुर (हरिद्वार) के पास उसकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में मनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वह गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे हरिद्वार के जिला अस्पताल भर्ती कराया। मनी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जोन मसी को मनी इकलौता पुत्र था।