रामपुर चाठा में बनेंगे 15 अस्थायी तटबंध
नजीबाबाद। कोटावाली नदी से गांव रामपुर चाठा में हो रहे कटान को रोकने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से 15 अस्थायी तटबंध बनाए जाएंगे। सिंचाई विभाग ने गांव के कटान क्षेत्र में तटबंध बनाने का कार्य शुरू करा दिया है।
बुनियादी सुविधाओं से वंचित गांव रामपुर चाठा के ग्रामीणों को अब बरसात में कटान होने का डर सताने लगा है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की तो अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। ग्रामीण शशीनाथ, रुपराम, शाहीद, अयूब, अरविंद त्यागी, रामलाल का कहना है कि गांव रामपुर चाठा को जोड़ने के लिए न तो पक्की सड़क है और न ही बिजली की सुविधा। अब गांव भी कटान की जद में आ गया है। कोटावाली नदी के कटान से गांव की दूरी करीब 100 मीटर रह गई है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर गांव में कोटावाली नदी से हो रहे कटान को रोकने की मांग की गई थी। गत सप्ताह सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गांव के कटान क्षेत्र का निरीक्षण किया, जिससे बाद गांव के कटान क्षेत्र में अस्थायी तटबंध बनाने का कार्य शुरू किया गया। कोटावाली नदी से रामपुर चाठा के अलावा गांव कोटावाली और सलबगढ़ की कृषि भूमि को भी कटान का खतरा है। उधर, सिंचाई विभाग के जेई मनोज कुमार का कहना है कि गांव रामपुर चाठा में अस्थायी तटबंध बनाने का कार्य शुरू करा दिया है। कटान क्षेत्र में करीब 15 अस्थायी तटबंध बनाए जाएंगे।