धामपुर। कार और ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर में ट्रैक्टर सवार युवक की मौके पर ही मौत हो र्गई। घटना का पता लगते ही मृतक के घर के कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगीना थाने के गांव डेलपुरा निवासी प्रीतम सिंह पुत्र जगदीश सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका बड़ा भाई 35 वर्ष थाने के ही गांव पुरैनी में एक किसान के यहां मजदूरी करता था। बताया गया कि जब वह किसान के साथ शनिवार रात करीब नौ बजे धामपुर चीनी मिल से गन्ना तौल कराने के बाद घर वापस आ रहा था, तब इस दौरान हाईवे 74 पर गांव बनावली के निकट नहर की पुलिया के पास उनके ट्रैक्टर से पीछे से तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर की सीट पर बैठा उसका भाई बाबूराम सिंह हाईवे पर गिर गया और सिर में फटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रात में ही पुलिस को घटना के बाबत अवगत कराया। पुलिस ने शव को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के भाई ने पुलिस से रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई की मांग की है।