प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपाइयों ने चलाया सफाई अभियान
बिजनौर/नगीना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भाजपाइयों द्वारा सेवा सप्ताह के रूप में मनाया गया। भाजपाइयों ने खुद हाथ में झाडू लेकर सफाई की व कूड़ा उठाया।
भाजपा सांसद भारतेंद्र सिंह ने मोहल्ला काजीपाड़ा में बैराज रोड पर कार्यकर्ताओं के साथ सफाई की। उन्होंने खुद कूड़ा भरकर नगर पालिका की ट्रैक्टर ट्राली में डाला। इस दौरान अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी इस अभियान में जुटे रहे। सांसद ने कहा कि बिना स्वच्छता के रोगमुक्त समाज नहीं बन सकता है। मोदी जी देश को रोगमुक्त करने के लिए ही ये अभियान चला रहे हैं। इस दौरान जिला प्रभारी आशु वर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष नीरज शर्मा, दीपक गर्ग, जगदीश सैनी आदि मौजूद रहे। वहीं नगीना में सेवा सप्ताह के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएचसी में शिविर लगाकर रोगियों को फल वितरित किए। इस अवसर पर 65 मरीजों की खून, 91 की आंखों की नि:शुल्क जांच कराई गई। 500 रोगियों को मुफ्त दवाई दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक लवकुश कुमार व कार्यक्रम प्रभारी कुंवर कृष्ण बलदेव सिंह ने किया। सीएचसी प्रभारी डा.नवीन चौहान, डा.फेज हैदर, डा.मीनाक्षी रस्तोगी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजित अग्रवाल, डा.भूपेश चौहान, अरविंद गहलोत, अनूप वाल्मीकि, सौरभ मित्तल, रमेश रागी, मनोज विश्नोई आदि मौजूद रहे।