पुराने कालागढ़ को बिजनौर से मिलेगी बिजली
कालागढ़। पुराने कालागढ़ में उत्तराखंड से दी जा रही बिजली आपूर्ति अब बिजनौर जनपद से दिए जाने की कवायद तेज हो गई है। यूपी के अधिकारियों के आदेश पर पुराना कालागढ़ में उत्तराखंड से दी जा रही बिजली के कनेक्शन काटने शुरू कर दिए गए हैं।
1960 से पुराना कालागढ़ बाजार और सिंचाई विभाग की कॉलोनी को बिजली आपूर्ति कालागढ़ के डीजल पावर हाउस/33केवीए बिजलीघर से दी जा रही थी। उत्तराखंड राज्य विभाजन के 18 साल बीतने पर यहां की बिजली आपूर्ति अब उत्तर प्रदेश के पावर कारपोरेशन से की जाने लगी है। इसकी कवायद के चलते यहां रह रहे नागरिकों के घरेलू और कामर्शियल बिजली के कनेक्शन बिजनौर जनपद से ही जारी किए जा रहे हैं। उत्तराखंड के लगे मीटरों की बिजली आपूर्ति खंभों से ही काटी जा रही है। इस विषय में जेई चेतराम का कहना है कि उच्च अधिकारियों के आदेशों पर पुराने कालागढ़ बाजार और कॉलोनी में बिजली आपूर्ति अब बिजनौर जनपद से होगी।
यहां के बिजली के बिल भी अब यूपी में ही जमा होंगे। इसके लिए नए मीटर लगाए जा रहे हैं। उत्तराखंड के बिजली कनेक्शन काटे जा रहे हैं। घरेलू मीटर नि:शुल्क लगाए जा रहे हैं। टैक्स आदि जो कुछ भी है वह बिल में ही समायोजित होकर आएगा। आवेदन करने पर घरेलू कनेक्शन दिए जा रहे हैं। वहीं कामर्शियल कनेक्शन जैसे विभाग के आदेश है उस पर ही किया जा रहा है। पुराना कालागढ़ बिजनौर जनपद की तहसील धामपुर के अंतर्गत आने वाला थाना अफजलगढ़ का क्षेत्र है। यहां की व्यवस्था इस्लामनगर के प्रधान द्वारा संचालित की जा रही है। उत्तराखंड राज्य पुनर्गठन से पूर्व यहां की व्यवस्था कालागढ़ से की जा रही थी।