रूखालू। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव हथिया खेड़ा में बुधवार की सुबह बारिश के दौरान एक मकान की दीवार अचानक गिर गई। हादसे में मकान मालिक और उसके बच्चे बाल-बाल बच गए। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना में गृहस्वामी को करीब एक लाख रुपये के सामान का नुकसान हो गया।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव हथिया खेड़ा निवासी डालचंद पुत्र बाबू मंगलवार की रात पत्नी अनीता, बेटे गौरव, कृष्णा और बेटी मोनिका, पिंकी के साथ अपने घर में सो रहे थे। बुधवार तड़के अचानक बारिश शुरू हो गई। तभी अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार गिरते ही एक तरफ की छत नीचे की ओर आ गई। गनीमत रहा कि इस कमरे में कोई सो नहीं रहा था। परिवार के सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। हादसे में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। दीवार गिरने के बाद घर में चीख पुकार मच गई। वहीं सूचना पर 100 डायल पुलिस मौके पर पहुंच गई। मकान मालिक डालचंद के मुताबिक हादसे में करीब एक लाख का नुकसान हो गया।