पॉलिथीन का प्रयोग किया तो होगी कार्रवाई
नजीबाबाद । एसडीएम ने कहा की किसी कारोबारी पर पॉलिथीन या कारोबारी द्वारा प्रतिष्ठान के बाहर अतिक्रमण मिलता है तो सामान जब्त करने के साथ आर्थिक दंड की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम और सीओ ने नगर के रेलवे स्टेशन रोड बाजार सहित कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। लगभग 100 किलोग्राम पॉलिथीन और अतिक्रमण मिलने पर कई कारोबारियों का सामान जब्त किया।
एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा, सीओ अरुण कुमार सिंह और थाना प्रभारी डीएस धामा ने बुधवार देर शाम तक नगर में पॉलिथीन का इस्तेमाल करने और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। एसडीएम के हाथ में माइक और सीओ सहित पुलिस के हाथ में डंडे देखकर कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अनेक कारोबारी प्रतिष्ठान के बाहर सामान हटाते और पॉलिथीन की थैलियों को प्रशासन की निगाह से छिपाते नजर आए। एसडीओ और सीओ के नेतृत्व में टीम ने बुधवार की शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे तक चेकिंग अभियान चलाया।
पॉलिथीन और अतिक्रमण पर अंकुश के लिए निकली टीम ने कई कारोबारियों के प्रतिष्ठान के बाहर अतिक्रमण के रूप में रखे सामान जब्त कर लिए। एसडीएम ने नियमित रूप से नगर में पॉलिथीन और अतिक्रमण पर अंकुश के लिए अभियान चलाने और पॉलिथीन पकड़े जाने पर या अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई और जुर्माना वसूलने की चेतावनी दी।
सब जगह चलेगा अभियान-एसडीएम
नजीबाबाद। अतिक्रमण और पॉलिथीन रोकने के लिए प्रशासन ने नगर के मुख्य बाजारों के साथ संकरी गलियों में भी अभियान चलाने का फैसला लिया है। एसडीएम ने चेतावनी दी कि यदि अतिक्रमण या पॉलिथीन मिलने पर पांच हजार रुपये तक का जुर्माना वसूला जाएगा। एसडीएम ने कारोबारियों से प्रतिष्ठानों के बाहर नाला, नालियों पर किया गया अतिक्रमण तत्काल हटा लेने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन सार्वजनिक स्थानों पर डग्गामार और प्राइवेट वाहन खड़ा करने वालों पर जल्द शिकंजा कसेगा।