शिक्षकों को कौशल विकास में किया जाएगा दक्ष
बिजनौर।
परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को संचार एवं नेतृत्व कौशल विकास में दक्ष किया जाएगा। इसके लिए सभी शिक्षकों को चार-चार दिन का प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रथम चरण में जिला स्तर पर प्रत्येक ब्लॉक के चार-चार शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान इस्माईलपुर में शिक्षकों को प्रशिक्षण देने में दक्ष करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डायट के प्राचार्य गिरवर सिंह के मुताबिक जिले के सभी परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को संचार एवं नेतृत्व कौशल विकास में दक्ष किया जाना है। इसके लिए जिले के मास्टर ट्रेनर सुरेंद्र सिंह की देखरेख में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण में शिक्षकों को स्कूलों के छात्र छात्राओं को नेतृत्व क्षमता के विकास, छात्रों के अंदर आत्म विश्वास, दूरदर्शिता, समस्याओं के निस्तारण करने के लिए शिक्षकों को दक्ष किया जाना है, ताकि शिक्षण कार्यों के दौरान शिक्षक छात्रों के अंदर छुपी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण जिले के सभी बीआरसी पर होना है। डायट में इसके लिए ब्लॉक स्तर से आए चार-चार शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नए शिक्षा सत्र में नेतृत्व क्षमता में निखार के लिए स्कूलों में ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण में अमर सिंह, मुकेश कुमार, संगीता त्यागी, शमीम अहमद, नासिर हुसैन आदि ने कौशल विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षक स्कूलों में शिक्षण कार्यो के दौरान बताए जा रहे नियमों का भरपूर प्रयोग करें।