बिजनौर। जिले में हाई स्कूल विज्ञान व इंटर एग्रोनॉमी षष्टम प्रश्नपत्र की परीक्षा रद़्द कर दी गई है। अब दोनों परीक्षा 10 मार्च को दुबारा होगी।
हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा 20 फरवरी को प्रथम पाली में थी। बोर्ड दफ्तर के अनुसार 19 फरवरी को जिला महाराजगंज में विज्ञान का पेपर आउट हो गया था। इसके बाद बिजनौर समेत 14 जिलों में हाई स्कूल विज्ञान की परीक्षा निरस्त कर दी गई । डीआईओएस राजेश कुमार ने सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद के आदेशों का हवाला देते हुए बताया है कि निरस्त की गई हाई स्कूल विज्ञान केवल प्रश्नपत्र की पुन: परीक्षा दिनांक 10 मार्च 2018 शनिवार को प्रथम पाली में 07.30 बजे से 10.45 बजे तक पूर्व निर्धारित परीक्षा केंद्र पर ही होगी। डीआईओएस के अनुसार 10 फरवरी की शाम की पाली में इंटर शष्य विज्ञान अर्थात एग्रोनॉमी षष्ट्म प्रश्नपत्र था। यह परीक्षा भी निरस्त कर दी गई है। अब एग्रोनॉमी का पेपर 10 मार्च शनिवार को द्वितीय पाली में दो बजे से 05.15 बजे तक जनपद मुख्यालय पर स्थित निर्धारित नवीन परीक्षा केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बिजनौर में होगा।
1192 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
बिजनौर में बोर्ड की 22 मार्च की परीक्षा में 1192 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं। प्रथम पाली में हाईस्कूल संस्कृत की परीक्षा में 47 तथा इंटर की उर्दू प्रथम परीक्षा में 85 परीक्षार्थी अनुपस्थित रह हैं। द्वितीय पाली में इंटर रसायन विज्ञान द्वितीय व व्यापारिक संगठन द्वितीय में 1060 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं।