देहात में बनेंगे मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम
बिजनौर। खेलों को बढ़ावा देने के अब गांव देहात में मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे। केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत इन मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। कई जगह पर मिनी स्टेडियम के लिए जमीन का सर्वे शुरू हो गया है। नेहरू स्पोट्स स्टेडियम में भी एक मल्टीपरपस हॉल बनाया जाएगा।
जिले में खिलाड़ियों के लिए एक ही स्टेडियम नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम है। जिले भर के खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करने के लिए यहीं आना होता है। जिले में मिनी स्टेडियम बनाने की मांग काफी सालों से चल रही है। अधिकतर जिलों की यही स्थिति रहती है। खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना चल रही है। जिले में इसकी समिति में सांसद सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारी हैं। 14 जून को हुई इस समिति की बैठक में नजीबाबाद में मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। यह जमीन जिला विद्यालय निरीक्षक विभाग की है। इसके अलावा गांव स्वाहेड़ी के पास भी ग्राम समाज की भूमि को मिनी स्टेडियम बनाने के लिए चिह्नित किया गया है। अब खेल विभाग इन जमीनों का सर्वे कराएगा। जमीन के सर्वे के आधार पर यह तय किया जाएगा कि जमीन पर किस तरह के खेल कराए जा सकते हैं। इनके अलावा बिजनौर में सीतापुर नेत्र चिकित्सालय में भी किसी खेल के लिए सर्वे किया जाएगा।
पिछले साल मिल गए मैट
कबड्डी के लिए पिछले साल अक्तूबर में ही मैट आ गए थे। लेकिन हॉल न होने के कारण मैट बिछाए नहीं जा सके हैं। स्टेडियम में कुश्ती और कबड्डी का एक ही हॉल बन जाएगा। इससे खिलाड़ियों को सुविधा मिलेगी।
जिला उपक्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह के अनुसार खेलो इंडिया में दिए गए प्रस्तावों पर काम किया जा रहा है। जल्दी ही इन जमीनों का सर्वे किया जाएगा। सर्वे में केवल सरकारी जमीनों को ही शामिल किया जाएगा।