14 हजार स्वास्थ्यकर्मी किए जाएंगे प्रतिरक्षित
बिजनौर। जनपद के अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं के टीकाकरण के लिए 48 बूथ बनाए जाएंगे। अफसरों के अनुसार जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा विवेक कॉलेज को भी इस श्रेणी में शामिल किया गया है। वैक्सीन आने पर शुरुआत में जनपद के सरकारी एवं निजी अस्पतालों में काम करने वाले लगभग 14 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को प्रतिरक्षित किया जाएगा।
कोविड-19 से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब सुरक्षित टीकाकरण के बारे में अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने में जुट गया है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव द्वारा जिले में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम) की ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर (टीओटी) कराया जा चुका है। इस दौरान सभी को बता दिया गया है कि किस तरीके से वैक्सीन आने के बाद लोगों का टीकाकरण कराया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में अग्रिम पंक्ति के कुल 14 हजार कोरोना योद्धाओं का वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल एवं जनपद में संचालित अन्य सभी सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी चिकित्सालयों में काम करने वाले करीब 14 हजार स्वास्थ्यकर्मियों का डाटा सरकार के कोविड पोर्टल पर अपडेट करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें से अब तक लगभग 12 हजार 978 लोगों का डाटा अपलोड किया जा चुका है। वैक्सीनेशन को लेकर शासन स्तर से आने वाले समय में 14 लाख सिरिंज जिले को उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रथम चरण में जहां स्वास्थ्य कर्मियों और आईसीडीएस के कर्मियों का टीकाकरण कराया जाएगा। दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर होंगे जिसमें पुलिसकर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, सफाई कर्मी आदि शामिल होंगे।