- सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद 2125 रुपये प्रति क्विंटल
- खुले बाजार में व्यापारी 2200 से 2240 रुपये तक खरीद रहे गेहूं
फोटो समाचार
ब्रजवीर चौधरी
बिजनौर। जनपद में गेहूं खरीद के लिए एक अप्रैल से 42 गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं। केंद्र खुले 14 दिन बीत गए, अभी तक नजीबाबाद केंद्र पर सिर्फ तीन किसानों से 132 क्विंटल 50 किलो गेहूं की खरीद हुई। क्रय केंद्रों पर गेहूं कम पहुंचने की दो वजह दिखाई दे रही हैं। एक तो बाजार में सरकारी मूल्य से ज्यादा भाव होना और दूसरा मौसम खराब होने के कारण गेहूं कटाई व थ्रेसिंग में देरी होना। गेहूं बेचने वाले किसानों के बैंक खातों 24 से 72 घंटे में पैसा पहुंच रहा है।
रबी विपणन वर्ष 2023-24 में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2125 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खाद्य विभाग की विपणन शाखा एवं पीसीएफ आदि के 42 क्रय केंद्रों पर एक अप्रैल से क्रियाशील हैं। इन केंद्रों पर गेहूं खरीद के लिए सभी आवश्यक उपकरणों जैसे इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन एवं छलना तथा पर्याप्त संख्या में बोरे उपलब्ध हैं। प्रशासन की ओर से क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित कर रखा है कि गांवों में जाकर किसानों से व्यक्तिगत संपर्क करते हुए उनके पंजीकरण की प्रगति बढ़ाएं। क्रय केंद्रों पर ज्यादा से ज्यादा गेहूं लाने के लिए प्रेरित करें। सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं बिक्री करने से पहले किसानों को पंजीकरण कराना पड़ता है। गेहूं खरीद एक अप्रैल से शुरु हो गई है। 241 किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है। (संवाद)
बाजार में 2200 से 2240 रुपये तक बिक रहा गेहूं
पिछले माह बार-बार मौसम खराब होने से गेहूं कटाई प्रभावित हुई है। बिजनौर शहर के आसपास गेहूं की कटाई ने अब तेजी पकड़ी है। गेहूं कटाई के साथ थ्रेसिंग का कार्य चलने लगा है। गेहूं खरीद के लिए सरकार की ओर से 2125 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जबकि बाजार में 2200 से 2240 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदा जा रहा है। किसान विजयपाल सिंह, धर्मवीर सिंह का कहना है कि गांवों में गेहूं का मूल्य सरकारी से ज्यादा मिल रहा है। फिर सरकारी प्रक्रिया में क्यों उलझें। व्यापारी गांवों में गेहूं खरीद के लिए चक्कर लगा रहे हैं।
पांचों तहसीलों में खुले 42 गेहूं क्रय केंद्र
बिजनौर तहसील क्षेत्र में - 5
धामपुर तहसील क्षेत्र में - 16
चांदपुर तहसील क्षेत्र में - 10
नजीबाबाद तहसील क्षेत्र में - 6
नगीना तहसील क्षेत्र में - 5
कोट
नजीबाबाद मंडी में लगे क्रय केंद्रों पर 132 क्विंटल 50 किलो गेहूं की खरीद हुई है। अभी तक 241 किसानों ने पंजीकरण कराया है। केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क कर ज्यादा से ज्यादा पंजीकरण बढ़ा रहे हैं और गेहूं केंद्र पर लाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं - अमित द्विवेदी, डिप्टी आरएमओ