जिले में कान्हा गोशाला बनाने में अब आएगी तेजी
बिजनौर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लावारिस गोवंश को शरण देने के लिए कान्हा गोवंश आश्रय स्थल बनाने में देरी किए जाने पर फटकार लगाने के बाद अधिकारी हरकत में आ गए हैं। जिले में सभी नगर पालिकाओं व पंचायतों में 33 करोड़ से भी ज्यादा लागत से गोशाला बननी है, लेकिन अभी तक किसी भी गोशाला का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। इसके अलावा गोवंश को लावारिस छोड़ने वालों के खिलाफ भी मुख्यमंत्री ने सख्त आदेश दिए हैं। ऐसे पशुपालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
गोवंश को शरण देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त रुख अपना रहे हैं। गोवंश कटान की सख्ती के बाद से किसानों द्वारा गोवंश को खुला छोड़ने के मामले सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जिले की सभी नगर पालिकाओं को गोशाला बनाने के लिए बजट जारी किया है, लेकिन इसके बाद भी नगर पालिका व पंचायतें गोशाला निर्माण में तेजी नहीं ला रही है। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये अधिकारियों से गोशाला पर बात की। गोशाला निर्माण में तेजी न आने पर मुख्यमंत्री ने सख्त नाराजगी जताई। इससे जिले के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने गोशाला से जुड़ी फाइलों को बृहस्पतिवार को ऑफिस खुलते ही निकलवा लिया है। सभी गोशाला निर्माण की आख्या के बारे में पता कर रहे हैं। देखा जा रहा है कि किस नगर पालिका में कितना काम पूरा हो गया है।
नगर पालिका आवंटित धनराशि मिली राशि व्यय धनराशि
बिजनौर 289.42 60 00
हल्दौर 95.56 40 00
धामपुर 00 00 00
नहटौर 303.82 50 52.67
शेरकोट 232.46 232.46 172.72
अफजलगढ़ 265 100 00
स्योहारा 00 00 00
नगीना 201.10 00 00
चांदपुर 212.64 212.64 75.94
नूरपुर 212.50 80 75.49
नजीबाबाद 397.60 70 26.04
किरतपुर 232 232.41 116.41
झालू 209.40 209 209
मंडावर 203.58 203.58 166.96
साहनपुर 232.45 80 80.28
जलालाबाद 232.45 232.45 145.60
बढ़ापुर 00 00 00
सहसपुर 00 00 00
योग 3320.98 1802.54 1121.21
नोट: ये आंकड़े एडीएम प्रशासन कार्यालय से लिए गए हैं।
आ सकते हैं मुख्यमंत्री
छाछरीमोड़ में पशुपालन विभाग द्वारा बड़ी गोशाला बनवाई जा रही है। करीब 25 बीघा जमीन में ये गोशाला बनेगी। इसकी लागत में करोड़ों रुपये लगाए जाएंगे। अधिकारियों में चर्चा है कि इसका शिलान्यास करने के लिए खुद मुख्यमंत्री आ सकते हैं। गोशाला में गायों की देखभाल के लिए समितियां भी बनाईं जाएंगी।
होगी कार्रवाई
गोवंश को खुला छोड़ने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसे लोगों को नगर पालिका व विकास विभाग द्वारा चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
जल्दी होगा निर्माण पूरा
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा.भूपेंद्र सिंह के अनुसार कान्हा गोवंश आश्रय स्थल निर्माण पर पूरी नजर रखी जा रही है। जल्द से जल्द निर्माण पूरा कराया जाएगा।