मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक से
बिजनौर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01.01.2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण निर्वाचक नामावलियों के आलेखन का प्रकाशन हिंदी, उर्दू भाषा में एक सितंबर को जिला निर्वाचन कार्यालय, बिजनौर एवं समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालयों (तहसील कार्यालय) पर किया जाएगा। यह कार्य एक सितंबर से 31 अक्तूबर चलेगा।
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदेय स्थलों पर दावे और आपत्तियों से संबंधित फार्म-6, 6ए, 7, 8, 8 क प्राप्त किए जाएंगे। एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में राजनैतिक दलों की सहभागिता बढ़ाने तथा पुनरीक्षण के कार्य में सक्रिय सहयोग प्राप्त करने के लिए प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की नियुक्ति की जाएगी। आयोग के सभी महत्वपूर्ण निर्देशों से उन्हें अवगत कराने के लिए इस बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी को गहनता से इसके बारे में जानकारी दी गई। बैठक में बिजनौर चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी, भाजपा प्रतिनिधि धीर सिंह, बसपा से भोपाल सिंह, सपा से के प्रतिनिधि अखलाक पप्पू, रालोद के जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गुलशन कुमार आदि मौजूद रहे।