नजीबाबाद। कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए रोडवेज डिपो नजीबाबाद ने व्यापक तैयारी की है। डिपो ने हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने के साथ चालक/परिचालकों का अवकाश भी रद्द किया है।
श्रवण मास 28 जुलाई 2018 से शुरू हो जाएगा। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्त बड़ी संख्या में कांवड़ लेने नजीबाबाद से होते हुए हरिद्वार पहुंचते हैं। दूर-दराज से आए शिवभक्तों का नजीबाबाद रोडवेज डिपो पर जमावड़ा लग जाता है। स्थानीय डिपो पर बसों का अभाव होने, नजीबाबाद से हरिद्वार पहुंचने वाली ट्रेनों की कम होने, ट्रेनों के कोच खचाखच भरे होने, रेलवे प्रशासन द्वारा हरिद्वार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें न चलाने, हरिद्वार जाने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच न जोड़े जाने से कांवड़ यात्रियों को असुविधा झेलनी पड़ती है। रोडवेज बसों के अभाव में कांवड़ यात्रियों को डग्गामार वाहनों से जोखिम भरा सफर तय कर हरिद्वार पहुंचने को मजबूर होना पड़ता है। लेकिन इस बार स्थानीय डिपो ने कांवड़ यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए तैयारी की है।
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जुनेद शम्मी का बताया कि कांवड़ यात्रियों को हरिद्वार पहुंचाने के लिए डिपो के पास 64 रोडवेज बस व 12 अनुबंधित बस उपलब्ध हैं। बसों के संचालन के लिए 54 नियमित रोडवेज चालक व 70 संविदा चालक तथा 25 नियमित परिचालक व 107 संविदा परिचालकों को जिम्मेदारी दी गई है। कांवड़ यात्रियों की डिपो परिसर में भारी संख्या होने पर अन्य रूट पर जाने वाली रोडवेज बसों को निरस्त कर उन्हें हरिद्वार भेजा जाएगा। इसके बावजूद आवश्यकता पड़ने पर डिपो अनुबंधित बसों की व्यवस्था जुटाकर कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित आवागमन मुहैय्या कराएगा।
शीघ्र रखें जाएंगे संविदा चालक
नजीबाबाद। एआरएम ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की यातायात सुविधा को ध्यान में रखकर तथा परिवहन निगम का राजस्व बढ़ाने के लिए जल्द ही 20 संविदा चालक को मानदेय पर नियुक्त करेगा।
तय गति से चलाएं बस
नजीबाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय दुर्घटना को रोकने के लिए एआरएम ने चालकों को निर्धारित 60-65 की गति से बस चलाने, यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने से पहले बेवजह बस को खड़ा न करने, शराब पीकर बस न चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी।