बिजनौर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के द्वितीय दिवस पर नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विभिन्न विद्यालयों के करीब 800 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चे हाथों में सड़क सुरक्षा से संबंधित नारे लिखे बैनर और पोस्टर लेकर चल रहे थे।
मंगलवार को प्रदर्शनी चौक से शुरु हुई रैली को डीएम अटल कुमार राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वापस प्रदर्शनी चौक पर ही आकर संपन्न हुई। रैली में आरजेपी इंटर कॉलेज, जीआईसी, जीजीआई, बिजनौर इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज एवं एमडी इंटरनेशनल आदि विद्यालयों के बच्चे शामिल हुए। इससे पूर्व डीएम ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए सभी लोगों को शासन-प्रशासन से कंधे से कंधा मिलाकर चलना होगा। तभी इस पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ उन्हें समझायें भी। गलत दिशा से ओवरटेक करने वालों को रोककर पुलिस समझाये, जिससे वे अपनी गलत आदतों को छोड़कर यातायात नियमों का भली-भांति पालन कर सकें। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने कहा सभी लोगों को ट्रैफिक नियमों का गंभीरता के साथ अध्ययन करने बाद ही वाहन लेकर घर से निकलना चाहिए। एसपी उमेश कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस को वाहन चालकों के साथ मित्रताूपर्ण व्यवहार करना चाहिए। यदि कोई वाहन चालक ड्राइविंग करते समय गलती करता है तो उसे आराम से समझायें। इससे पुलिस के प्रति लोगों की सोच बदलेगी और वे नियमों को पालन करने में समझदारी दिखाएंगे।
इस मौके पर एसडीएम सदर इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे, पीटीओ मुन्नालाल, आरआई अरविंद कुमार सिंह, डीआईओएस राजेश कुमार, बीएसए महेश चंद आदि मौजूद रहे।