बिजनौर । जिले के सफाई कर्मियों के फोटो ग्राम पंचायतों में चस्पा होंगे। प्रशासन ने महिला सफाई कर्मियों को उनके निवास स्थान के नजदीकी ग्राम पंचायतों में तैनात करने का निर्णय लिया है। दूरदराज ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मियों समेत अन्य समस्याओं की जांच के लिए अधिकारियों की चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी के अनुसार प्रशासन को सफाईकर्मियों के गांवों में नही आने की शिकायत मिल रही थी। महिला सफाईक र्मी दूर दराज की ग्राम पंचायतों में तैनात हैं। इससे उन्हें वहां पहुंचने में परेशानी होती है। इसी तरह जो सफाई कर्मी अपने घरों से बहुत दूरी पर तैनात हैं उनको भी गांवों में जाने में परेशानी होती है। सफाई कर्मियों की विभिन्न समस्याओं का अध्ययन करने के लिए अधिकारियों की समिति बनाई गई है। समिति में जिला विकास अधिकारी, डीआरडीए के परियोजना निदेशक आदि शामिल हैं। समिति अभिलेखों समेत गांवों में जाकर स्थिति का जायजा लेगी। समिति अपनी रिपोर्ट 15 दिन में प्रशासन को सौंपेगी। रिपोर्ट के आधार पर तुरंत कार्रवाई होगी। कर्मचारियों की शिकायतों पर सुनवाई माह के हर तीसरे शनिवार को ब्लॉक एवं जिलास्तर पर होगी। उधर, सीडीओ के मुताबिक प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान में शासन के ग्राम पंचायतों को चमन बनाने के निर्देश हैं। ग्रामीण गांवों में सफाई कर्मियों के गांवों में नहीं पहुंचने की शिकायत करते हैं । प्रशासन ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायतों में तैनात सफाईकर्मियों के फोटो, उसका विवरण ग्राम पंचायतों में चस्पा करने का निर्णय लिया है। इससे ग्रामीण अपनी ग्राम पंचायत में तैनात सफाईकर्मी को पहचान सकें।
सफाई कर्मियों के बनेंगे फोटो परिचय पत्र
बिजनौर। सीडीओ के अनुसार ग्राम पंचायतों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ सफाई कर्मी अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को भेजकर सफाई कराते हैं। ये सफाई कर्मी ब्लाक अधिकारियों से हमसाज है। इसलिए प्रशासन ने सभी सफाई कर्मियों के फोटो परिचय प्रमाण पत्र अर्थात आईडेंटी कार्ड बनवाने का निर्णय लिया है। आई कार्ड पर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर होंगे।
ग्राम पंचायतों में लगेंगी बायोमैट्रिक मशीन
बिजनौर। जिले के सफाई कर्मियों की बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी होगी। इसके लिए नए वित्तीय वर्ष अर्थात अगले माह से ग्राम पंचायतों में बायोमैट्रिक मशीन लगाने का काम शुरू होगा। इस बारे में ग्राम प्रधानों की बैठक शीघ्र बुलाई जाएगी।