फल-ठेले लगाने के लिए घोषित हुए वेंडिंग जोन
बिजनौर। नगर पालिका ने फड़-ठेले आदि लगाने के लिए वेंडिंग जोन एरिया घोषित कर दिए हैं। यहां दुकान लगाने पर कोई रोक नहीं होगी। नो वेंडिंग जोन एरिया में अतिक्रमण को स्थायी रूप से खत्म करने के लिए बैरिकेटिंग की जा रही है। पुलिस और नगर पालिका के इस अभियान से अतिक्रमण से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।
जिला मुख्यालय पर अतिक्रमण एक बड़ी समस्या बना हुआ है। एसपी प्रभाकर चौधरी ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। अभियान में सड़क किनारे खड़े होने वाले ठेले आदि को हटाया तो जा रहा है, लेकिन ठेला लगाने वाले इन लोगों के सामने रोजगार का संकट आ गया है। ऐसे में नगर पालिका द्वारा शहर को हिस्सों वेंडिंग जोन और नो वेंडिंग जोन में बांटा गया है। वेंडिंग जोन में फड़ आदि लगाए जा सकते हैं, लेकिन नो वेंडिंग जोन में नहीं। साथ ही नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए बैरीकेटिंग भी जा रही हैं। मंडावर रोड से इसकी शुरूआत हो गई है। नगर पालिका ईओ इंद्रपाल सिंह के अनुसार वेंडिंग एरिया घोषित कर दिए गए हैं। यहां दुकानदारों से प्रतिदिन तीन या पांच रुपये तक का शुल्क लिया जाएगा। दुकानदार अपने फड़ या ठेले वेंडिंग जोन में ही लगाएं।
ये सड़कें हैं वेंडिंग जोन
- प्रदर्शनी मैदान।
- रामलीला मैदान।
- शास्त्री चौक से थाने के सामने होते हुए धामपुर तिराहा।
- शास्त्री चौक से वर्धमान कॉलेज तक।
- जजी से मंडावर रोड।
नो वेंडिंग जोन
- प्रदर्शनी चौक से बैराज रोड।
- प्रदर्शनी चौक से जजी व शास्त्री चौक।
इनके अलावा शहर के अंदर का सारा हिस्सा नो वेंडिंग जोन में शामिल किया गया है।