हल्दौर। गांव ननूपुरा के जंगल में एक मादा गुलदार ने ईख के खेत में आकियू नेता पर जानलेवा हमला कर दिया। खेत में गुलदार देखकर भगदड़ मच गई और लोगों ने बामुश्किल अपनी जाने बचाई। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़वाने की शिकायत वन विभागीय अधिकारियों से की।
गांव ननूपुरा निवासी आजाद किसान यूनियन हल्दौर ब्लॉक अध्यक्ष शेर सिंह के चक पर शनिवार की दोपहर करीब दो बजे गन्ने का छिलाई कार्य चल रहा था। खेत में किसान के मजदूर गन्ने की कटाई कर छिलाई करने में लगे थे। किसान शेर सिंह अपने ट्रैक्टर ट्रॉली के निकट खड़ा होकर उसमें गन्ना लदवाने लगे। किसान के अनुसार उसे अचानक ईख के खेत में गुलदार के तीन शावक दिखाई दिए। किसान शावकों को देखने के लिए उनके पास जाने लगा, तो ईख के खेत में छिपकर बैठी मादा गुलदार किसान पर हमला कर दिया। किसान व उसके मजदूरों में भगदड़ मच गई। लोगों ने मौके से भागकर बामुश्किल गुलदार से अपनी जाने बचाई। इसके बाद शोर सुनकर आसपास के खेतों फर काम कर रहे लोग लाठी-डंडे व फावड़े लेकर मौके पर पहुंचे। मादा गुलदार अपने शावकों को साथ लेकर जंगल की ओर चली गई।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार व उसके बच्चे करीब चार दिनों से कड़ापुर, खेड़ा व वाजिदपुर आदि गांवों के जंगल में दिखाई दिए हैं। ग्रामीण गुलदार से बुरी तरह भयभीत है। ग्रामीणों ने गुलदार के क्षेत्र में होने की जानकारी वन अधिकारियों को दी। उधर, वन रेंजर अधिकारी सुधीर कुमार चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। गांव में टीम भेजी जा रही है।