अफजलगढ़ (बिजनौर)। गुरुदयाल के ढाबे के निकट प्राइवेट बस और कार की टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार में सवार चालक सहित चार सवारी घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
रविवार की सुबह विलासपुर जिला (रामपुर) निवासी अयोध्या पाठक, राममनोहर पाठक, राममूर्ति पाठक व बुद्धसागर शर्मा अपने पिता के निधन के बाद अस्थियां लेकर गंगा में प्रवाहित करने के लिए कार से बस्ती से हरिद्वार जा रहे थे। उनके पिता की मौत बस्ती में हो गई थी। सुबह घना कोहरा आने की वजह से अफजलगढ़ जसपुर मार्ग पर गुरुदयाल ढाबे के पास सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़ी बस में पीछे से कार घुस गई। कार में सवार चारों व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद बुद्ध सागर शर्मा को हॉयर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी है। बस में घुसने से कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।