बिजनौर (ब्यूरो) । आदर्श लोक शिक्षा प्रेरक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में प्रेरकों के मानदेय का मुद्दा उठाया गया। प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि साक्षर भारत मिशन के तहत रखे गए प्रेरकों को मात्र दो हजार रुपये मासिक का मानदेय दिया जा रहा है। इतना कम मानदेय भी पिछले 15 महीने से नहीं दिया गया है। कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि सुनने में आ रहा है कि 31 दिसंबर 2017 को केंद्र सरकार साक्षर भारत योजना को समाप्त करने जा रही है। अगर ऐसा होता है तो प्रेरकों को अन्य कार्य में लगाया जाए वर्ना प्रेरक बेरोजगार हो जाएंगे। प्रेरकों के मानदेय और सम्मान के लिए आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अशोक सैनी, संजीव चौधरी, प्रमोद कुमार, जितेंद्र सिंह, जितेंद्र चौहान, ओमपाल सिंह, शांति, दीपा, रेखा, बबली, सोना, नीतू आदि प्रेरक मौजूद रहे।