नजीबाबाद/जलालाबाद। निर्वाचन आयोग के कड़े आदेशों पर अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी के मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन फूंककर कदम रख रहा है।
नजीबाबाद नगरपालिका परिषद के अंतर्गत एमडीएस इंटर कॉलेज, आचार्य आरएन केला इंटर कॉलेज और नजीबुद्दौला गर्ल्स इंटर कॉलेज मतदान केंद्रों की ऑनलाइन वेबकास्टिंग व्यवस्था में प्रशासन जुटा है। एसडीएम उद्भव त्रिपाठी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ, बिजली-पानी व्यवस्था, वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के इंतजाम किए गए हैं।
उधर, नगर पंचायत जलालाबाद में एक मतदान केंद्र कन्या जूनियर हाईस्कूल के तीन बूथों की बेसकास्टिंग की जाएगी। ईओ सीमा वर्मा ने बताया कि मतदान व्यवस्था पूरी तरह कैमरे की निगाह में रहेगी। सीधे निर्वाचन आयोग इस पर निगाह रखेगा। उन्होंने मतदान केंद्र पर रैंप, बिजली-पानी व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी। नगर पंचायत साहनपुर में मतदान केंद्र मदरसा फारुख उल उलूम में तीन बूथों की वेबकास्टिंग होगी।
उधर, नगरपालिका किरतपुर क्षेत्र के अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों मुस्लिम इंटर कॉलेज एवं इस्लामिया अंसार इंटर कॉलेज के मतदान बूथों की वेबकास्टिंग होगी। एसडीएम ने बताया कि अतिसंवेदनशील प्लेस की श्रेणी में रखे गए मतदान केंद्रों पर प्रशासन की विशेष निगाह रहेगी।
पर्यवेक्षक ने किया निरीक्षण
नजीबाबाद। चुनाव पर्यवेक्षक व तत्कालीन जिला अधिकारी वीके आनंद ने नजीबाबाद तहसील क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। नजीबाबाद स्थित कासमियां इंटर कॉलेज में स्ट्रांग रकम देखने के साथ पर्यवेक्षक ने पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नजीबाबाद में नजीबुद्दौला गर्ल्स इंटर कॉलेज, किरतपुर में हिंदू इंटर कॉलेज, अंबेडकरनगर क्षेत्र का निरीक्षण किया। पर्यवेक्षक ने की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और सजग रहने एवं व्यवस्थाएं चाकचौबंद रखने के निर्देश दिए।