फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भागीरथी के तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब

विज्ञापन
विज्ञापन
विदुरकुटी। कार्तिक पूर्णिमा पर भागीरथी के तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कई लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ कमाया। शुक्रवार की रात से ही गंगा तट पर हर-हर गंगे के जयकारों की गूंज सुनाई देने लगी थी। दिन भर गंगा में श्रद्धालु डुबकी लगातेे रहे।
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा पर विदुर कुटी के सामने भागीरथी के तट पर लगे मेले में रात 12 बजे के बाद से श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगानी शुरू कर दी थी। गंगा के तट पर रात से लगी श्रद्धालुओं की भीड़ दोपहर तक जारी रही। गंगा तट पर हर-हर गंगे के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही। शनिवार की शाम तक श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाते रहे। मेले में कई लाख श्रद्धालुओं के आस्था की डुबकी लगाने का अनुमान है। श्रद्धालुओं ने खुलकर मेले का लुत्फ उठाया और खरीदारी भी की। मेले में देर रात तक पैदल व अपने वाहनों से श्रद्धालु मेले में पहुंच रहे थे। शनिवार को दिन निकलने से पहले बड़ी तादाद में श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचे और स्नान किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर खिचड़ी खाई। गंगा स्नान के दिन मेले में खिचड़ी खाने का धार्मिक महत्व माना जाता है। खिचड़ी का दान भी किया गया। मेले में शनिवार को युवाओं ने दिनभर कई खेलों का भी आनंद लिया। जिला पंचायत के अफसरों के मुताबिक इस बार मेला बहुत की सुंदर लगा था। गंगा बैराज पर भी बड़े मेले का आयोजन हुआ। सुबह से ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने लगे थे। विदुर कुटी मेले में जहां देहात के श्रद्धालु ज्यादा तादाद में थे, वहीं गंगा बैराज पर शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद थे। बैराज पर स्नान करने के बाद श्रद्धालु अपने घरों को लौट आए। बालावाली गंगा तट पर मेले में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से गंगा तट पर श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। शाम तक यह सिलसिला चलता रहा।

खूब हुए बच्चों के मुंडन
मेले में श्रद्धालुओं ने बच्चो के खूब मुंडन कराए। मुंडन कराने वालों की गंगा के किनारे भीड़ लगी रही। बैंडबाजों के साथ लोग मुंडन करा रहे थे।


शनिवार को वापस होने लगा मेला
विदुरकुटी के सामने लगा गंगा मेले से श्रद्धालु शनिवार को लौटने शुरू हो गए। शाम तक अधिकांश मेला खत्म हो गया था। मेले में कुछ श्रद्धालु व दुकानदार ही रह गए हैं। मेले से लौटते वक्त अपने वाहनों को दौड़ाने की श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। मेले से लौटते वक्त श्रद्धालुओं ने विदुर कुटी मंदिर के दर्शन भी किए।
विज्ञापन


बैराज पर गंगा में था बहुत कम जल
गंगा बैराज पर इस बार कम जल में ही श्रद्धालुओं को स्नान करना पड़ा। गंगा में इस बार जल कम था। घाट के पास ही जल नजर आ रहा था। गंगा का बाकी क्षेत्र दूर तक खाली था। गंगा में कम जल देखकर श्रद्धालु भी हैरान रहे।

जाम की वजह से नही मिले वाहन
शनिवार को भी दिल्ली पौड़ी हाइवे पर जाम लगा रहा। बैराज पर स्नान करने गए श्रद्धालुओं को जाम की वजह से काफी दिक्कत उठानी पड़ी। वाहन नहीं मिलने के कारण श्रद्धालु बैराज से पैदल ही आए। जाम की वजह से वाहन रेंग कर चलते रहे। जाम लंबा होने के कारण जाम में कई घंटे तक लोग फंसे रहे। जाम की वजह से बैराज गंगा पर श्रद्धालुओं को लाने ले जाने के लिए इस बार बसें नही चली। इस कारण श्रद्धालु बेहद परेशान रहे।

गंगा के तट पर खूब फैलाई गंदगी
विदुर कुटी के सामने गंगा मेले व बैराज गंगा घाट पर मेला खत्म होने के बाद गंदगी के ढेर लग गए हैं। गंगा के आसपास चौतरफा गंदगी ही नजर आ रही है। गंगा के आसपास श्रद्धालु गंदगी छोड़ गए। गंगा की सफाई के के लिए गंगा को साफ रखने का अभियान चल रहा है। पर इसके बाद भी श्रद्धालुओं ने गंगा के तट पर खूब गंदगी की। पॉलीथीन व फटे कपड़े डालने के साथ अन्य सामन भी वह गंगा के तट पर डालते गए।

व्यवस्थाओं में किया सहयोग
चंदक। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गंगा मेले में शिविर का आयोजन किया। मेले में जिलामंत्री कैलाश उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मेले की व्यवस्थाओं में भी सहयोग दिया।

आर्य प्रतिनिधि सभा ने किया नशाबंदी का आह्वान
आर्य प्रतिनिधि सभा ने विदुरकुटी पर जनहितार्थ शिविर का आयोजन किया गया। आर्य समाज के सदस्यों ने शिविर में नशाबंदी लागू करने, दहेज हत्या व समाज में बढ़ती भ्रूण हत्या पर रोक लगाने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व गन्ना मंत्री स्वाती ओमवेश, महावीर सिंह जिंघाला, रूद्रपाल आर्य, सुशील कुमार, विकास आर्य, अमन सिंह आर्य मौजूद रहे। आर्य समाज के उपसंयोजक महावीर सिंह जिंघाला ने कहा कि बिजनौर को आबाद हुए सालों हो गए है। लेकिन पुलिस अव्यवस्था के कारण सैकड़ों श्रद्धालु गंगा बैराज पर नहीं पहुंच सके। कई घंटो तक दिल्ली-पौड़ी मार्ग पर जाम लगा रहा।

मेले में डेरा लगाने को लेकर दो पक्षों में चले लाठी-डंडे
जलीलपुर। गंगा घाट नारनौर पर गंगा स्नान मेले में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दोनों पक्षों से एक किशोरी समेत तीन घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर नारनौर गंगा घाट पर गंगा स्नान मेले का आयोजन किया जाता है। शुक्रवार की रात में डेरा लगाने को लेकर गांव सुल्तानपुर के नरेंद्र सिंह, राजेश सिंह व बाबू सिंह की गांव माहू के मोनू यादव, भारत सिंह व अरविंद के साथ विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने शुरू हो गए। मारपीट में गांव माहू के मोनू यादव, भारत सिंह व दूसरे पक्ष से गांव सुल्तानपुर की एक किशोरी घायल हो गई। झगड़े की खबर से मेले में अफरातफरी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर शांति व्यवस्था बनाई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।

मेले में सिलेंडर में लगी आग
चंदक। चंदक बालावाली गंगा स्नान मेले में चाट की दुकान में गैस सिलेंडर में आग लगने से वहां अफरातफरी मच गई। मेला इंचार्ज सुभाष तोमर व पुलिसकर्मी इश्कलाल ने हिम्मत दिखाते हुए गीली बोरी से आग पर काबू पाया। इस दौरान कुछ लोग मामूली रुप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों का कहना है कि वक्त रहते अगर आग नही बुझाई जाती तो बड़ा हादसा भी हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें