बिजनौर। दो सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत हो गई। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया, उसके बाद शव को परिजनों को सौंपा दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह के मुताबिक कोतवाली शहर के मोहल्ला जाटान निवासी राजकुमार (28) शराब का आदि था। वह रविवार की रात शराब के नशे में अपने घर जा रहा था। रात को वह राम के चौराहे के निकट चावलों से भरे ट्रक के नीचे सो गया। चालक ट्रक रात को किसी समय लेकर वहां से चला गया, ट्रक के टायर के नीचे आकर ही उसकी मौत हो गई। सुबह स्कूल जाने वाले छात्र छात्राओं ने पुलिस को शव पड़े होने की सूचना दी। राहगीरों ने बताया कि शव को रात में सुकर चिपट गए और काफी देर तक शव को खाते रहे। पुलिस ने कागजों के आधार पर मृतक के घर सूचना दी।
उधर, गांव मोजीपुरा उर्फ फिरोजपुर निवासी सुरेंद्र कुमार (47) रात को किसी समय बाइक से अपने घर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक उसकी बाइक रास्ते में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। सिर पेड़ से टकराने से उसकी मौत हो गई। पूरी रात मृतक सुरेंद्र का शव सड़क किनारे पड़ा रहा। सुबह होने पर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बाइक के कागज व जेब से मिले कागजों से व्यक्ति की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।