बिजनौर । नजीबाबाद तहसील को स्वाहेड़ी बिजलीघर से एक सितंबर से जोड़ दिया जाएगा। इसके लिए टैक्नीकल टीम ने बिजली सप्लाई शुरू करने संबंधी समस्त औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। बिजलीघर में किसी भी तरह का फाल्ट होने पर आटोमेटिक सप्लाई बंद हो जाएगी।
अधिशासी अभियंता ट्रांसमिशन अखिल महरोत्रा के अनुसार नजीबाबाद तहसील को बिजली सप्लाई के लिए 200 एमवीए का ट्रांसफार्मर रख दिया गया है। टैक्नीकल टीम ने आयल फिल्टरेशन करके सुरक्षा संबंधी सभी टेस्ट कर लिए हैं। ट्रांसफार्मर का आयल सैन्ट्रीफ्यूज कर लिया गया है। टीम ने सेफ्टी प्रोडक्ट चेक कर लिए हैं। बताया कि स्वाहेड़ी बिजलीघर के सभी उपकरण बीएचईएल कंपनी ने सप्लाई किए हैं। इसलिए ट्रांसफारमर को चार्ज करने के लिए स्विच ऑन करने की जिम्मेदारी बीएचइएल के इंजीनियरों की है। बीएचईएल की टीम 31 अगस्त की शाम तक स्वाहेड़ी पहुंच जाएगी। यदि सब ठीक रहा तो एक सितंबर से नजीबाबाद तहसील को स्वाहेड़ी से बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी। अब तक नजीबाबाद को नहटौर और चिल्ला बिजलीघरों से बिजली सप्लाई हो रही थी। इसके बाद दोनों बिजलीघरों को लोड कम हो जाएगा। नजीबाबाद तहसील के उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से निजात मिल जाएगी।