मंडावली। अवरुद्ध नाले का गंदा पानी घरों एवं दुकानों में घुसने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवरुद्ध और क्षतिग्रस्त नाले का निर्माण कराने की मांग की है।
मंडावली-गांवड़ी रोड़ पर स्थित नाला अवरुद्ध एवं क्षतिग्रस्त है। बृहस्पतिवार को तेज वर्षा के कारण अवरुद्ध नाले का गंदा पानी कई ग्रामीणों के घरों एवं दुकानों मेें फैल गया। ग्रामीणों अमर सिंह, सुरेश, रोहिताश, राजू, पुनीत, डा. पवन का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की उदासीनता से अवरुद्ध नाले की सफाई नहीं की गई, जिससे बरसात का गंदा पानी उनके घरों में घुस गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवरुद्ध एवं क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत कराने की मांग की है। उधर, ग्राम प्रधान मिद्दू ठेकेदार का कहना है कि नाले का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा काफी समय पहले कराया गया था। नाला क्षतिग्रस्त होने से अवरुद्ध हो गया है। पंचायत स्तर से नाले की जल्द सफाई कराकर गंदे पानी की निकासी कराई जाएगी।