पुलिस बोली, क्षतिग्रस्त इनोवा कार में हो सकते हैं गहने
धामपुर (बिजनौर)।
धामपुर-शेरकोट मार्ग पर इनोवा सवार लखीमपुर खीरी निवासी टंडन परिवार के नौ लोगों की मौत के बाद उनके शवों से गहने गायब करने के आरोप झेल रही पुलिस ने अपना पक्ष रखा है। उसका कहना है कि गहने क्षतिग्रस्त हुई इनोवा कार में हो सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि रोडवेज बस की टक्कर से इनोवा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई थी। परिवार का अधिकांश सामान इनोवा में पड़ा हुआ है। परिवार के किसी सदस्य के नहीं आने की वजह से अभी इनोवा की तलाशी नहीं ली गई है। परिवार के किसी सदस्य के आने पर उसके सामने गाड़ी की तलाशी ली जाएगी। संभव है उसमें वे गहने मिल जाएं, जिनके गायब होने का आरोप परिवार लगा रहा है। साथ ही पुलिस ने कहा कि संभावना यह भी है कि हादसे के बाद मदद के लिए पहुंचे लोगों में से शरारती तत्वों ने शवों से गहने उतार लिए हों। घटना के बाद पता नहीं लग रहा था कि कौन कहां से आकर परिवार की मदद कर रहा है।
गौरतलब है कि लखीमपुर से हरिद्वार जा रहा टंडन परिवार रास्ता भटकने की वजह से शेरकोट मार्ग पर पहुंच गया था। यहां रोडवेज बस की टक्कर से नौ लोगों की मौत हो गई थी। उधर, एसएसआई रमेशचंद शर्मा का कहना है कि अब तक कोई परिजन नहीं आया है। यदि कोई यहां आया तो उसी के सामने इनोवा की तलाशी ली जाएगी।