फीस जमा करने के दौरान बैंक द्वारा तीस रुपये अतिरिक्त चार्ज वसूलने का मामला
छात्रों को बैंक प्रबंधक और कॉलेज प्रशासन नहीं दे पाया सही जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
अखिल विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में छात्रों ने जेएस हिंदू पीजी कॉलेज में फीस जमा करने के दौरान बैंक द्वारा छात्र-छात्राओं से तीस रुपये अतिरिक्त चार्ज वसूलने पर हंगामा खड़ा कर दिया। गुस्साए छात्रों ने बैंक और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। बैंक में फीस जमा नहीं होने दी। बैंक का शटर बंद कर जमकर हंगामा काटा। कॉलेज प्रशासन और बैंक प्रबंधक एक दूसरे पर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते नजर आए। छात्रों की बैंक प्रबंधक से जमकर तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत किया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज अध्यक्ष प्रेम नारायण रघुवंशी के नेतृत्व में जेएस हिंदू पीजी कॉलेज पहुंचकर बैंक और कालेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। एबीवीपी के विभाग संयोजक गौरव गुर्जर और सपा छात्र नेता फराज सिद्दीकी ने बताया कि कॉलेज में संचालित बैंक फीस जमा करने के दौरान तीस रुपये अतिरिक्त चार्ज के रूप में वसूल रहा है। आरोप है बैंक द्वारा जो अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा है, इसकी न तो कोई रसीद दी जा रही है, किस मद में लिया जा रहा है, इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। कालेज प्रशासन और बैंक एक दूसरे पर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। इसको लेकर प्रदर्शन किया गया है। छात्रों से अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हंगामे की सूचना पर पुलिस कालेज पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। प्रदर्शन करने वालों में गौरव गुर्जर, फराज सिद्दीकी, अमन सिंह, पंकज, विपिन सुशील कटारिया, अंकुर, लविन चौधरी मौजूद रहे।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
बैंक में फीस जमा करने के दौरान तीस रुपये अतिरिक्त चार्ज वसूलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शाखा बैंक प्रबंधक से पूछताछ की गई, वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए हैं। बैंक शाखा के उच्च अफसरों को मामले से अवगत कराते हुए वसूले जा रहे अतिरिक्त चार्ज संबंध में जानकारी मांगी गई है। किस आदेश के तहत छात्रों से तीस रुपये अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा है।
- डा. वंदना रानी गुप्ता, कालेज प्राचार्या।
साफ्टवेयर से कट रहा अतिरिक्त चार्ज
अमरोहा। जेएस कालेज में स्थापित एसबीआई बैंक शाखा के प्रबंधक पुलक कुमार घोष का कहना है कि साफ्टवेयर द्वारा अपने आप तीस रुपये शुल्क कट रहा है। इसमें हमारा कोई दोष नहीं है। जो शुल्क कट रहा है, इसका पूरा स्टेटमेंट कॉलेज को दिया जाएगा। एक पैसे की भी हेराफेरी नहीं होगी।