बिजनौर से 129 मजदूरों को भेजा गया उनके घर
बिजनौर। जिलाधिकारी के निर्देश पर दूसरे दिन बिजनौर बस स्टेशन से पांच बसों से राजस्थान और पूर्वांचल के जिलों के 129 मजदूरों को उनके घरों के लिए रवाना किया गया।
बृहस्पतिवार को जिले से बाहर के मजदूरों का अपने घरों को जाने का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान बस स्टेशन पर चिकित्सकों की टीम और पुलिस बल तैनात रहा। चिकित्सकों ने मजदूरों की थर्मल स्क्रीनिंग की। बस स्टेशन प्रभारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को दूसरे दिन बिजनौर बस अड्डे से बिजनौर डिपो की पांच बसों से 129 मजदूर भिजवाये गए। तीन बसों से 73 मजदूर पूर्वांचल के देवरिया, गौंडा, बहराइच, आंबेडकरनगर, कुशीनगर, बांदा, बस्ती, कानपुर, श्रावस्ती गाजीपुर आदि जिलों के घर भेजे गए। जबकि दो बसों में राजस्थान के भरतपुर जनपद के 56 मजदूर दो बसों में रवाना किये गए।
उधर धामपुर तहसीलदार रमेशचंद्र सिंह चौहान ने बताया कि धामपुर में तीन आश्रय स्थानों में रुके 72 लोगों को बृहस्पतिवार को रोडवेज की बसों से उनके गृह जनपदों को पहुंचाया गया। तहसीलदार ने बताया कि सभी का परीक्षण कराया गया, सभी का स्वास्थ्य ठीक पाया गया है।