स्कूलों के अधूरे कार्य होंगे पूरे
बिजनौर। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में आधे अधूरे कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में विद्युतीकरण, शौचालय व पेयजल व्यवस्था ठीक करने को कहा गया है। कार्य पूरा कराने के लिए शिक्षा विभाग के अफसर स्कूलों पर नजर रखेंगे।
लोकसभा चुनाव नजदीक होने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने जिन स्कूलों में मतदान बूथ बनेंगे उनमें व्यवस्था पूरी करने की तैयारी शुरू कर दी है। अपर शिक्षा प्रमुख डॉ. प्रभात कुमार ने शिक्षा विभाग के अफसरों को इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में पेयजल व्यवस्था को ठीक करने को कहा गया है। किसी भी स्कूल में यदि हैंड पंप खराब है तो उसे तुरंत ठीक कराया जाए। स्कूलों में बने शौचालय ठीक हों। स्कूलों में रोशनी की व्यवस्था के लिए विद्युतीकरण ठीक होना अनिवार्य है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए बूथों पर रैंप अवश्य रूप से बने हों। इसके अलावा भी लंबित कार्यों को चुनाव से पूर्व ही ठीक करने को कहा गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों को स्कूलों के कार्यों को पंचायत राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग तथा 14 वित्त आदि से कराने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग के अफसर भी स्कूलों के कार्यों को पूरा कराने के लिए अभी जुट गए हैं। ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों ने संकुल प्रभारियों के माध्यम से स्कूलों की व्यवस्था पर नजर रखने को कहा है। उधर, बीएसए महेश चंद्र ने बताया कि जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्कूलों के लंबित कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।