नगीना। नगीना-बूंदकी मार्ग पर स्थित रायपुर देहात की पुलिया के पास हरिद्वार से गंगाजल लेकर घर जा रहे कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्राली और कार की टक्कर हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली में सवार छह कांवड़ियों तथा कार में सवार तीन लोग चोटिल हो गए। सभी को नगीना सीएचसी पर उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इसके बाद सभी चोटिल अपने घरों को वापस चले गए।
उत्तराखंड के जनपद गदरपुर के इंदिरा नगर निवासी सुखदेव सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर उनके साथ ट्रैक्टर ट्राली से 20 कांवड़िये हरिद्वार से जल लेकर चले थे। सोमवार रात जब उनकी ट्रैक्टर-ट्राली नगीना-बूंदकी मार्ग स्थिति रायपुर देहात की पुलिया के पास पहुंची तो नगीना की ओर से आ रही एक कार से टक्कर हो गई। ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार सुखदेव सिंह 23 वर्ष, अर्चना 22 वर्ष पुत्री कलीराम, मालती विश्वास पत्नी संजय विश्वास तथा तीन अन्य कांवड़िये चोटिल हो गए।
वहीं कार में सवार नगीना की मोहल्ला पंजाबीयान निवासी जावेद हुसैन, मोहम्मद जाहिद, गयास के भी चोटें आईं। सूचना पर पहुंची डायल 100 द्वारा चोटिल हुए लोगों को नगीना सीएचसी पर लाया गया। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद सभी अपने अपने घरों को चले गए। किसी ने भी एक दूसरे के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की सूचना पुलिस को नहीं दी। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर नवीन कुमार ने बताया कि कोई भी अधिक रूप से घायल नहीं था, मामूली चोटे आई थी।