हरेवली। साहूवाला वन क्षेत्र से सटे ग्राम शाहनगर कुराली व रामनगर गोसाई के किसानों की हाथियों ने गन्ने व गेहूं की फसल रौंदकर बर्बाद कर दिया। किसानों ने शनिवार रात में भागकर बमुश्किल से जान बचाई। इतना ही नहीं दिन में भी दो हाथी ग्राम शाहनगर कुराली के समीप गांव के पास चिंघाड़ लगाते रहे। जिसे लेकर ग्रामीणों में भय व्याप्त है। वहीं वन विभाग इससे बेखबर है।
शाहनगर कुराली के ग्राम रामकुमार सिंह, सत्यपाल सिंह, जसवंत सिंह, कृपाल सिंह का कहना है कि शनिवार रात को किसान गेहूं की रखवाली कर रहे थे। शनिवार की रात 12:01 बजे के आसपास हाथियों ने खेता में आकर चिंघाड़ना शुरू कर दिया। हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज सुन वह जंगल छोड़ गांव की ओर भाग पड़े। किसानों ने बताया कि वह जान बचा कर गांव में आ गए। हाथियों ने उनकी फसल को चौपट कर दिया। रात में ग्रामीण एकत्र हुए और आग जलाकर, कनस्तर को पीट कर बजाना शुरू किया तो हाथियों को खेतों से वनों की ओर भाग गए। किसानों ने बताया कि रविवार को हाथियों ने गांव के समीप कब्रिस्तान के पास पहुंचे और वहां पर काफी देर तक डेरा डाले रहे। वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी, पर वन विभाग के अधिकारियों ने ऐसा कुछ संज्ञान में होने से अनभिज्ञता जताई। रेंजर वीरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि वन क्षेत्र में हाथी है। टीम को भेजकर उन्हें खदेड़ने का प्रयास किया जाएगा।