‘शक्ति अपनी बेटियां’ का लाइव प्रसारण शुरू
नजीबाबाद। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम को साकार रूप देने के लिए आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र ने जनपद मुजफ्फरनगर से 40 मिनट का सजीव शक्ति अपनी बेटियां प्रसारण शुरू किया है। मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और नजीबाबाद के संयुक्त प्रयास से 26 सजीव कार्यक्रम प्रसारित किए जाएंगे।
आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र की कार्यक्रम प्रमुख मंदीप कौर चड्ढा के निर्देशन में डीएम मुजफ्फरनगर राजीव शर्मा, एसपी सुधीर कुमार की उपस्थिति में नजीबाबाद केंद्र ने बृहस्पतिवार को दिन में 12 बजे मुजफ्फरनगर के चौधरी चरण सिंह जिला पंचायत सभागार से शक्ति अपनी बेटियां कार्यक्रम का लाइव प्रसारण शुरू किया। मुजफ्फरनगर की सीडीओ अर्चना वर्मा, जिला प्रोवेशन अधिकारी अजय अंबष्ट, प्रसारण निष्पादक आदित्य सिंह की उपस्थिति में आकाशवाणी रामपुर से आए उद्घोषक असीम सक्सेना ने लाइव प्रसारण का संचालन किया। डीएम मुजफ्फरनगर राजीव शर्मा ने आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र द्वारा पूर्व में स्वच्छता मिशन पर आधारित आओ देखो मेरा गांव की सफलता के बाद 26 गांव में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम को साकार रूप देने के लिए शक्ति अपनी बेटियां लाइव प्रसारण शुरू करने की जानकारी दी। कार्यक्रम प्रमुख मंदीप कौर चड्ढा ने बताया कि 40-40 मिनट अवधि के रेडियो श्रृंखला कार्यक्रम शक्ति अपनी बेटियां रोजाना दिन में 12 बजे और 2:30 बजे से मुजफ्फरनगर के चयनित दो गांव से आकाशवाणी नजीबाबाद लाइव प्रसारित करेगा।
नाट्य प्रस्तुति रंगोत्सव 28 दिसंबर को
नजीबाबाद। आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र रंगमंच प्रस्तुति की शुरूआत नाट्य प्रस्तुति रंगोत्सव से 18 दिसंबर 2018 को करेगा। केंद्र द्वारा प्रथम चरण में दो नाटकों का मंचन किया जाएगा। आकाशवाणी नजीबाबाद की कार्यक्रम प्रमुख मंदीप कौर चड्ढा के निर्देशन में 18 दिसंबर 2018 को नजीबाबाद के एनआईआईटी में दो नाटकों का आमंत्रित श्रोताओं के समक्ष मंचन किया जाएगा। आकाशवाणी नजीबाबाद केंद्र की प्रस्तुति नंदकिशोर ढोंढियाल का लिखा नाटक मालिनी के तट पर और आकाशवाणी रामपुर का प्रस्तुति नफीस सिद्दीकी का लिखा नाटक और शमां जलती रहे का मंचन 18 दिसंबर 2018 को शाम पांच बजे से सात बजे तक होगा। यह पहला अवसर होगा जब आकाशवाणी आमंत्रित श्रोताओं के समक्ष नाट्य प्रस्तुति देगा।