करंट लगने से ई-रिक्शा चालक की मौत
नींदडू़। बैटरी चार्जर पर लगाते समय बिजली का करंट लगने से बुधवार की रात ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। जबकि उसे छुड़ाने पहुंची पत्नी और पुत्र करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मस्जिद जीनतुल इस्लाम मोहल्ले का जहीर अहमद (40) ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। बुधवार रात करीब 11.45 बजे जहीर ने टिनशेड में खड़ी ई-रिक्शा (मिनी मैट्रो) की बैटरी को चार्जिंग पर लगाया। उस समय हल्की बारिश हो रही थी। शेड के ऊपर पड़ा टिन का कुछ हिस्सा टूटा हुआ था, उसमें से पानी की बूंद गिर रही थीं। बारिश से चार्जर को बचाने के लिए जहीर ने जैसे ही चार्जर को ढकने के लिए उसके ऊपर स्टील का तसला रखा, वैसे ही उसे करंट का तेज झटका लगा।
जहीर की चीख निकलते ही पत्नी महताब (37) ने पति को छुड़ाने की कोशिश की तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। मां-पिता को करंट से बचाने के प्रयास में बेटा समीर अहमद (11) भी करंट की चपेट में आ गया। यह देखकर बड़ी पुत्री निशा (19) ने सूझबूझ से काम लेते हुए बोर्ड में लगा चार्जर का स्विच निकाल दिया। इसके बाद परिजन जहीर को धामपुर के एक निजी चिकित्सालय में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जहीर अहमद की मृत्यु से परिवार में कोहराम मचा है।