बिजनौर। जिला औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में म्यूजिक स्टार एवं लाफ्टर नाइट में कई फिल्मों के लिए हिट गाने वाले अनवर व अन्य कलाकारों ने खूब जलवा बिखेरा। बारिश के बाद भी ये दर्शक तड़के तक जमे रहे। अनवर के गीतों पर तो दर्शक खड़े हो गए।
इंदिरा बाल भवन में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी ने किया। बाहर से आए ग्रुप ने ‘जय गणेश देवा’ गाने पर डांस किया। सारेगामापा के लिटिल चैम्स की गायिका सृष्टि व हसन ने कई गाने सुनाकर लोगों का दिल जीत लिया। बॉलीवुड के प्रसिद्ध गायक अनवर ने कोई परदेशी आया परदेश में , मोहब्बत अब तिजारत बन गई है, हमसे क्या भूल हुई जो ये सजा हमको मिली, कुर्बानी- कुर्बानी- कुर्बानी अल्लाह को प्यारी है कुर्बानी समेत कई गीत सुनाकर लोगों को झूमने को मजबूर कर दिया। लोग अपनी कुर्सी से खड़े होकर झूमते रहे। लाफ्टर चैलेंज के राजीव मल्होत्रा ने अपनी कामेडी से काफी समय तक दर्शकों को बांधे रखा। दर्शक बार-बार उन्हें मंच पर बुलाने को कहते रहे। उन्होंने खाकी वर्दी के साथ मौजूदा व्यवस्था पर भी खूब तंज कसे। बिजनौर जिले की भाषा में खूब चुटकुले सुनाए रशियन कलाकार ने वैली डांस करके सब का दिल जीता। डांस ग्रुप के कलाकार अपने डांस से दर्शकों को तड़के तक बांधे रहे। कोई भी अपनी कुर्सी से नहीं हिला। कार्यक्रम के अध्यक्ष विनोद तोमर दीपक गर्ग मोनू, सुदेश कुमार, संयोजक संजय त्यागी, फिल्म निर्माता आलोक गोविल, मुकुल राठौर, समेत तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अंबिका गोयल ने किया।