अमरोहा। जिला अस्पताल में रखी उच्च तकनीक पर आधारित डिजीटल एक्स रे मशीन महीनों से धूल फांक रही है। रविवार को डीएम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने डिजीटल एक्स रे मशीन के चालू न होने को लेकर अधिकारियों को हड़काया और इसे जल्द शुरु करने के निर्देश दिए। ताकि मरीजों को एक्स कराने के लिए यहां-वहां न भटकना पड़े।
जिला अस्पताल पर आने वाले मरीजों के एक्सरे के लिए उच्च तकनीक पर आधारित डिजीटल एक्स रे मशीन महीनों से धूल फांक रही है। मशीन चालू कराने में हो रही लेटलतीफी देखकर लगता है कि मशीन का भी अल्ट्रासाउंड मशीन जैसा ही अंजाम होने वाला है। जबकि यहां रखी अल्ट्रासाउंड मशीन भी पैथोलॉजी डॉक्टर की कमी के चलते सालों से धूल फांक रही है। जुलाई माह के अंत तक मशीन को चालू कराने की बात सीएमएस डॉ. रामनिवास पहले ही कह चुके हैं। उन्होंने बताया कि मशीन की इंस्टालेशन के लिए एक अलग हाल तैयार कराया जा रहा है। अभी इस हाल में काम चल रहा है।
15 दिन से बंद पड़ा है काम
अमरोहा। डिजीटल एक्स रे मशीन के लिए तैयार कराए जा रहे हाल का जब निरीक्षण किया गया तो पता चला कि यहां तो 15 दिन से मजदूर काम पर ही नहीं आए हैं। इस दौरान हाल में फर्श की बजाय कंक्रीट ही नजर आया। काम हो रही लेटलतीफी को देखते हुए तो डिजीटल एक्स रे मशीन के चालू होने के अभी दूर-दूर तक आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
डीएम ने हड़काया
अमरोहा। पिछले महिने ही डीएम ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान जिला अस्पताल पर अव्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने नाराजगी जाहिर की थी। रविवार को जन औषधी केंद्र के उदघाटन को आए डीएम हेमंत कुमार ने डिजीटल एक्स रे मशीन को चालू न कराने को लेकर अफसरों को फटकार लगाई और इसे जल्द से जल्द चालू कराने के निर्देश दिए।