बिजनौर । प्रदेश सरकार की ओर से व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजना को सफल बनाने के लिए सीडीओ ने कौशल रथ को रवाना किया। रथ जिले के हर विकास खंड में गांव-गांव भ्रमण कर युवाओं को व्यवसायिक शिक्षा के प्रति जागरूक करेगा।
सोमवार को कौशल रथ को मुख्य विकास अधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि युवाओं के बिना सहयोग किसी भी देश की तरक्की नहीं हो सकती। जब युवा सशक्त होगा तो राष्ट्र भी विकसित होगा और युवा जब ही मजबूत हो सकते हैं, जबकि वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। सीडीओ ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। नई-नई योजनाएं संचालित कर रही है। इसलिए सभी युवाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन अवश्य करना चाहिए। इस अवसर पर आईटीआई के प्रधानाचार्य पी.पी. अत्रि, कौशल विकास मिशन एम.आई.एस. अनीस अहमद, शशांक तोमर, राकेश शर्मा, सनी तोमर, वरिष्ठ भाजपा नेत्री सविता शर्मा, अजय कुमार, अरविंद कुमार आदि मौजूद थे।