नजीबाबाद । आयकर विभाग ने कारोबारियों और आयकर अधिवक्ताओं से एडवांस टैक्स समय से जमा कराने के निर्देश दिए हैं। आयकर सीमा में आने वाले कारोबारियों से भी निष्पक्षता के साथ अपना पंजीकरण कराने की सलाह दी गई।
आयकर कार्यालय नजीबाबाद में सीए, आयकर अधिवक्ता और कारोबारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। आयकर अधिकारी संदीप चतुर्वेदी ने अपना आयकर स्वत: निर्धारण कर अग्रिम कर के रूप में जमा कराकर अतिरिक्त ब्याज से बचने की सलाह दी। आयकर अधिकारी धामपुर एके मौर्य ने कहा कि एक अप्रैल 2018 से 15 लाख रुपये तक सालाना आय वाले व्यापारियों का कर निर्धारण आयकर अधिकारियों के स्तर पर ही किया जाएगा। उन्होंने जुर्माना बैंक अटैचमेंट, चल-अचल संपत्तियों के अटैचमेंट से बचने के लिए ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ व्यापारियों को गतवर्ष के बकाया आयकर को अविलंब जमा कराने की सलाह दी। बैठक में आयकर निरीक्षक राजेश कुमार, ललित झा, मोहित कुमार, अंशुल भटनागर, जितेंद्र सिंह, कारोबारियों की ओर नकुल अग्रवाल, शिवकुमार माहेश्वरी, इस्फारुल हक, अमरीक सिंह, नईम टाटा, आयकर अधिवक्ता मुकुल माहेश्वरी, राकेश गर्ग, मोहित महेंद्रा सहित कई अधिवक्ता शामिल रहे।