वक्फ बोर्ड के कब्रिस्तान से कब्जा हटाया
बिजनौर। वक्फ बोर्ड के कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से रखे 32 में से 19 खोखे बृहस्पतिवार शाम प्रशासन ने हटवा दिए। वक्फ बोर्ड के मुतवल्ली की शिकायत पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। जिसके विरोध में खोखे के मालिकोें ने चेयरपर्सन के पति शमशाद अंसारी का पुतला फूंका।
बिजनौर में जानी के चौराहे पर वक्फ बोर्ड का कब्रिस्तान है, इसके मुतवल्ली हनीफ अहमद हैं। कब्रिस्तान की जमीन में सपा सरकार के दौरान से वक्फ बोर्ड दुकान बनाना चाहता था। लेकिन जमीन पर 32 खोखे रखे हुए थे। एसडीएम कोर्ट में यह मामला चल रहा था। कोर्ट ने 26 दिसंबर को 19 लोगों के खोखे हटाने के निर्देश दिए थे। एसडीएम, व ीओ खोखे हटवाने वहां पहुंच गए, चेयरपर्सन के पति शमशाम अंसारी भी वहां पहुंचे। खोखे मालिकों ने प्रशासन से दो दिन का समय मांगा और यह भी कहा कि जब दुकानें बनें तो दुकान देने मेें उन्हें प्राथमिकता दी जाए। इस बात पर दोनों पक्षों में लिखित में यह समझौता हो गया।
खोखे न हटाने पर बृहस्पतिवार को मुतवल्ली हनीफ अहमद डीएम से मिले और मामले की शिकायत की। शाम को एसडीएम वीके सिंह, सीओ सिटी गजेंद्र पाल सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पहुंच गए। उन्होंने जेसीबी चलवाकर खोखे हटवा दिए। इससे खोखे मालिक भड़क गए। उन्होंने चेयरपसर्न के पति शमशाद अंसारी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।
उधर, शमशाद अंसारी के मुताबिक उनका खोखे हटवाने से कोई लेनादेना नहीं है। प्रशासन नेे अपनी ओर से यह कार्रवाई की है। एसडीएम वीके सिंह के मुताबिक वक्फ की संपत्ति पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा था। इन लोगों को नोटिस भेजकर कब्जा हटाने के लिए कहा गया था। एक बैठक में लिखित समझौता भी हुआ था कि जमीन में दुकान बनने पर खोखे के मालिकों को इसमें समायोजित किया जाएगा। इसके बाद भी ये अपने खोखे नहीं हटा रहे थे। तब जाकर प्रशासन ने खोखे हटवाए हैं।