जांच में 12 आवेदन और फर्जी मिले
धामपुर। गन्ना सट्टा चलाने के लिए ऑनलाइन किए आवेदनों में से 12 आवेदन और गन्ना विभाग की जांच में फर्जी पकड़े गए है। संबंधित किसानों ने अपने नए गन्ना सट्टे चलाने को ऑनलाइन आवेदन किए थे। फर्जी अभिलेखों के साथ ऑनलाइन करने वालों की संख्या 56 से बढ़ कर 68 हो गई है। अभी भी विभाग की ओर से शेरू बचे आवेदनों की जांच का काम चल रहा है। सभी के आवेदनों को निरस्त कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए गन्ना समिति के विशेष सचिव को निर्देशित किया गया है।
एससीडीआई अमित कुमार पांडेय ने बताया कि गन्ना विभाग की ओर से अबकी बार किसानों से गन्ने के नए सट्टे चलाने को ऑनलइन आवेदन मांगे गए थे। करीब तीन हजार किसानों ने आवेदन किए गए। अब इन आवेदनों की विभाग की ओर से जांच की जा रही है। जांच में अब तक 68 किसानों के आवेदन फर्जी मिले। बताया गया कि इन किसानों ने सट्टा चलाने को राजस्व विभाग के अभिलेखों व अन्य कागजातों में हेराफेरी कर आवेदन किए थे। कुछ ऐसे हैं जो बाहरी समिति क्षेत्र के है और आधार कार्ड आदि में छेड़छाड़ कर विभाग को धोखा देने का काम किया है। इन सभी किसानों के आवेदनों के तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है और गन्ना समिति के विशेष सचिव मनोज कुमार को संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।