जिला गन्ना अधिकारी ने सुनीं किसानों की समस्याएं
स्योहारा। जिला गन्ना अधिकारी ने गन्ना समिति पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना समिति को कम इंडेंट जारी करने समेत अन्य समस्याओं के बारे में अवगत कराया।
शुक्रवार को जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह ने स्योहारा चीनी मिल पहुंचकर किसानों से गन्ना भुगतान आदि की जानकारी ली। इसके बाद वे गन्ना समिति कार्यालय में पहुंचे। इस दौरान भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मिलकर किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह टिकैत के नेतृत्व में जिला गन्ना अधिकारी से मिले आलोक कुमार, त्रिवेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह आदि किसानों ने बताया कि अवध चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू हुए दो माह से अधिक का समय हो चुका है। इसके बावजूद चीनी मिल प्रशासन किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस किसानों ने स्योहारा गन्ना समिति चीनी मिल में गन्ना कैलेंडर के दूसरे पखवाड़े का नवां कॉलम चलवाने, गेहूं की बुवाई के लिए के अधिक इंडेंट जारी कराने आदि की मांग की। साथ ही मिल प्रशासन पर डेढ़ लाख क्विंटल गन्ने की पेराई कम करने और खरीद के समय गन्ने को गंदा बताकर परेशान करने शिकायत की। जिला गन्ना अधिकारी यशपाल ने बताया कि गन्ना सचिव को शनिवार से स्योहारा समिति को पूरा इंडेंट देने के निर्देश दिए गए हैं।