बल्दिया गांव में डेंगू बुखार ने पैर पसारे
हल्दौर। गांव बल्दिया में डेंगू बुखार ने करीब आधा दर्जन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। उनका उपचार बिजनौर के निजी चिकित्सालयों में कराया जा रहा है। कुछ बुखार पीड़ित अपना उपचार गांव के ही निजी चिकित्सकों के यहां पर करा रहे हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में चिकित्सा शिविर लगवाए जाने की मांग की है।
गांव बल्दिया में करीब एक सप्ताह से डेंगू बुखार ने अपने पैर पसार लिए हैं। गांव के राहुल कुमार, कपिल कुमार, विनोद देवी, शुभलेश देवी, विक्रांत सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि कई दिनों से डेंगू बुखार से पीड़ित हैं। उनका उपचार गांव और आसपास के निजी चिकित्सकों की देखरेख में किया जा रहा था। उनकी हालत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें बिजनौर के निजी चिकित्सकों के यहां ले गए। परिजनों के अनुसार चिकित्सकों ने मरीजों के खून की जांच कराई, जिसमें उन्हें डेंगू बुखार होने की पुष्टि हुई है। अन्य कई लोग भी बुखार से पीड़ित हैं, जिनका उपचार गांव और आसपास के निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा है।
वहीं, शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे युवराज सिंह, पवन कुमार, शलभ सिंह, रामबहादुर सिंह, हरवेंद्र सिंह, बॉबी, चंद्रपाल सिंह आदि अनेक ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर गांव में मच्छर मारने की दवा का छिड़काव और साफ सफाई नहीं कराने का आरोप लगाते हुए डीएम से कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान राजेंद्र चौधरी का कहना है कि उन्होंने करीब एक पखवाड़ा पूर्व गांव में कीटनाशक का छिड़काव कराया था। सीएचसी प्रभारी मदनपाल सिंह का कहना है कि गांव में टीम भेजकर ग्रामीणों की जांच कराई जाएगी।