आकियू ने शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना
चंदक। आजाद किसान यूनियन ने गांव रायपुर बेरिसाल के किसानों को अधिग्रहित की गई कृषि भूमि का मुआवजा न दिलाने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। चेतावनी दी गई कि यदि एक सप्ताह के अंदर मांग पूरी नहीं की गई तो आकियू चंदक में ट्रेन रोको अभियान छेड़ देगी।
सोमवार को आजाद किसान यूनियन कार्यकर्ता बालावाली चंदक मार्ग पर एकत्रित हुए और टेंट लगाकर, ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर बैठ गए। इस दौरान किसानों ने मार्ग पूरी तरह बाधित कर दिया। उनका कहना था कि कई वर्ष पूर्व रायपुर बेरिसाल के किसानों की कृषि भूमि लोक निर्माण विभाग द्वारा अधिग्रहित की गई थी। इसके एवज में किसानों को मुआवजा नहीं दिया था। करीब 40 वर्षों से गांव के किसान मुआवजा दिलाने की मांग करते चले आ रहे हैं। इसे लेकर 16 जून को भी किसानों ने आंदोलन कर प्रशासन को चेताया था। आला अफसरों ने किसानों से वार्ता कर शीघ्र मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। चेतावनी दी गई कि यदि एक सप्ताह के अंदर मांग पूरी नहीं की गई तो आकियू चंदक में ट्रेन रोको अभियान छेड़ देगी। धरनास्थल पर कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा। इस दौरान चंदक पुलिस चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। मूला सिंह की अध्यक्षता व धर्मेंद्र के संचालन में हुई आयोजित धरने में आकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह, हाजी शकील, नीरू पहलवान, सुधीर पाराशर, बिजेंद्र, ओमपाल, दुष्यंत राठी, नौबहार गहलौत, सूरज, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।