अमरोहा। पिछले चार दिनों से बारिश बंद है। शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। लेकिन ये बादल बरसे नहीं। फिर मौसम खुशनुमा बना रहा। लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वैज्ञानिकों की माने तो बारिश होने के आसार बने हुए हैं।
चार दिन पहले मूसलाधार वर्षा होने के बाद बारिश का सिलसिला थम गया है। पिछले तीन दिनों से आसमान में बादल तो छाए रहे। लेकिन बरसे नहीं। बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशनुमा बना रहा। बीच-बीच में कुछ देर के लिए धूप ने भी दर्शन दिए। ठंडी हवाओं के ठहरते ही लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी उठानी पड़ी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। दिनभर बादलों ने सूरज को ढक कर रखा। कभी-कभी सूरज बादलों के बीच से लुका-छिपी का खेल चलता रहा। वहीं तीन दिन से बारिश न होने के कारण खेतों में पानी सूखने लगा है। किसान फिर से सिंचाई करने की तैयारी में हैं। आसमान में छाए काले बादल फिर से किसानों को तरसाने लगे हैं। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस साल बारिश औसत से काफी कम हुई है। इससे फसलों का उत्पादन कम होने की आशंका है।